जिले में रविवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस उत्सव की तरह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर कोतवाली से एडीए सचिव ऋतु सुहास के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली गई। नगर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए पदयात्रा निकाली। इस दौरान लोगों को मतदान और मतदाता का महत्व बताया गया। उत्साह से भरे लोग जागो मतदाता जागो... के नारे लगा रहे थे। पदयात्रा स्टेडियम में जाकर समाप्त हुई।
समापन कार्यक्रम में डीडीसी ऋतु सुहास ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान करना सबका अधिकारी है। लोगों को इसके प्रति जागरूक करना होगा। डीएम सुहास एलवाई ने भी कार्यक्रम की सफलता पर लोगों को बधाई देते हुए मतदान के महत्व को बताया। लोगों से बिना भेदभाव, जाति और धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में मतदान करने की अपील की।
इसके पहले सुबह नगर कोतवाली परिसर और गेट को केसरिया, हरा और सफेद रंग के गुब्बारों से सजाया गया था। निर्धारित समय पर लोग कोतवाली में जुटे। कोतवाली गेट पर हस्ताक्षर अभियान चल रहा था। विभिन्न संस्थाओं के लोग हाथों पर मुहर और जागो मतदाता जागो आजमगढ़ का स्टीकर लगा रहे थे।
पदयात्रा में नर्सिंग के छात्र भी शामिल हुए। यूनियन बैंक की ओर से टोपी और टी-शर्ट का वितरण किया जा रहा था। डीएम सुहास एलवाई और नवागत एसपी दयानंद मिश्रा नगर कोतवाली पहुंचे। डीडीसी ने उन्हें मतदाता जागरूकता से संबंधित स्टीकर लगाकर अभिनंदन किया। फिर डीएम ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया।
जागो मतदाता जागो... नारे के साथ पदयात्रा नगर कोतवाली से मातबरगंज, चौक, पुरानी कोतवाली, तकिया, पहाड़पुर, शिब्ली चौराहा होते हुए सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई। उधर, पूर्वांचल पीजी कॉलेज के डा. वेद प्रकाश उपाध्याय ने मतदान के प्रति जागरूक किया।
इस मौके पर एडीएम प्रशासन आशुतोष कुमार द्विवेदी, अपर आयुक्त अनिल कुमार मिश्रा, एसडीएम हिमांशु गुप्ता, डा. स्वास्ति सिंह, डा. पीयूष सिंह, सीओ केके सरोज, प्रवीण कुमार सिंह, नगर कोतवाल ईशा खां, प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव, रमाकांत वर्मा, ब्रजेंद्र पांडेय, माया प्रसाद राय, अजेंद्र राय आदि उपस्थित हुए।