आजमगढ़। भगवान विश्वकर्मा जयंती पर बुधवार को जिलेभर में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक वर्कशॉप, मोटर गैरेज, आरा मशीन, लोहे की दुकान, बिजली प्रतिष्ठान, फर्नीचर की दुकानों और औद्योगिक इकाइयों में आदि शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई।
प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई कर मशीनों और औजारों को सजाया गया। हवन-पूजन के बाद रोली, अक्षत और पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की गई।
शहर के सफुद्दीनपुर स्थित विश्वकर्मा मंदिर में विधि-विधान से पूजन हुआ। विश्वकर्मा समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। पूजन के बाद प्रसाद वितरित किया गया। रोडवेज और बिजली विभाग के वर्कशॉप में भी मशीनों और उपकरणों का पूजन हुआ।
कई स्थानों पर डीजे की धुन पर देर रात तक कार्यक्रम चलते रहे। कुछ जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियां भी निकाली गईं। रोडवेज के साथ ही विश्वकर्मा मंदिर से आदिशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर का भ्रमण करते हुए पुन: रोडवेज और विश्वकर्मा मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
रिजर्व पुलिस लाइन में भी विश्वकर्मा पूजन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने शस्त्रागार में शस्त्रों और पुलिस वाहनों का पूजन किया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने जनपद में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
इस दौरान सीओ पुलिस कार्यालय अजय प्रताप सिंह, सीओ अपराध कौस्तुभ त्रिपाठी, सीओ बूढ़नपुर विजय कुमार सिंह, सीओ नगर शुभम तोदी और सीओ सदर आस्था जायसवाल समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
ठेकमा क्षेत्र में जगह-जगह श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। डाक बंगला रोड पर अरुण विश्वकर्मा के यहां आयोजित पूजन समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग शामिल हुए। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। भगवान विश्वकर्मा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
इसी तरह भीरा, बरदह और मार्टीनगंज क्षेत्र में भी विश्वकर्मा जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। विभिन्न प्रतिष्ठानों और कार्यस्थलों पर मशीनों, औजारों व उपकरणों की पूजा की गई। लोगों ने भगवान विश्वकर्मा से कार्य में उन्नति, समृद्धि और सफलता की प्रार्थना की।
फूलपुर कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों में भी पूजनोत्सव धूमधाम से मनाया गया। बिजली उपकेंद्र पर अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में संविदा कर्मियों ने हवन-पूजन कर मशीनों की पूजा की।
रेलवे स्टेशन और टेलीफोन केंद्र पर भी कार्यक्रम हुए। जगदीशपुर और खुरासो रामबचन डिग्री कॉलेज में विश्वकर्मा समाज के लोगों ने सामूहिक पूजन किया।
मेंहनगर के निरंजन कुटी स्थित विश्वकर्मा पूजा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक पूजा सरोज ने भगवान विश्वकर्मा को माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा पूजा श्रम, कौशल और सृजन के सम्मान का पर्व है।
इस दौरान अमरनाथ विश्वकर्मा, पिब्रत विश्वकर्मा, विनोद विश्वकर्मा, रामतपेश विश्वकर्मा, गिरधारी विश्वकर्मा, अमरदीप विश्वकर्मा, कपिलदेव विश्वकर्मा, प्रमोद विश्वकर्मा और पुजारी विश्वकर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
मुबारकपुर, निजामाबाद, रानी की सराय, सरायमीर, सगड़ी, लालगंज, बरदह और अतरौलिया समेत विभिन्न कस्बों में भी विश्वकर्मा पूजन को लेकर उत्साह रहा। प्रतिष्ठानों को फूल-मालाओं और झालरों से सजाया गया। जगह-जगह प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन हुआ।
महाराजगंज कस्बे मे आरा मशीन के सामने विश्वकर्मा भगवान की मूर्ति स्थापित। संवाद
महाराजगंज कस्बे मे आरा मशीन के सामने विश्वकर्मा भगवान की मूर्ति स्थापित। संवाद