यातायात नियमों के पालन के लिए एक नवंबर से यातायात माह चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, लेकिन सड़कों पर हालात इसके उलट हैं। शहर से लेकर देहात तक वाहन चालक खुलेआम नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। बाइक पर तीन से पांच लोग तक सवार होकर सफर कर रहे हैं। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के साथ कार चालक भी बिना सीट बेल्ट लगाए सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद नियमों का उल्लंघन जारी है।
शहर के मुख्य चौक व गिरजा घर चौराहे से लेकर पुरानी सब्जी मंडी तक रविवार सुबह यातायात नियमों की अनदेखी के नजारे दिखे। कई बाइकों पर तीन सवारियां बैठी थीं। गिरिजा घर पर एक बाइक पर चार लोग सवार थे वो भी बिना हेलमेट के। वहीं अन्य चौराहों व तिराहों पर तीन सवारी बैठकर बाइक ले जाते दिखे। किसी ने हेलमेट नहीं लगाया था। कुछ पुलिसकर्मी भी नियमों का पालन करते नहीं दिखे। हालांकि, चेकिंग के दौरान कुछ वाहनों का चालान किया गया।
रविवार को मुख्य चौक, सब्जी मंडी चौराहा और गिरजाघर चौराहे के आसपास भी यही स्थिति देखने को मिली। कई बाइकें तीन और चार सवारियों के साथ गुजरीं। इनमें किसी ने हेलमेट नहीं लगाया था। हैरानी की बात यह रही कि कुछ ही दूरी पर यातायात पुलिसकर्मी तैनात थे, लेकिन ट्रिपल राइडिंग रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं दिखी। युवाओं में भी यातायात नियमों के प्रति लापरवाही नजर आ रही है। नियमित चेकिंग और सख्ती के अभाव में नियम तोड़ने वालों के हौसले बुलंद हैं।
चौराहों पर पुलिस की मौजूदगी भी बेअसर
रविवार को मुख्य चौक, सब्जी मंडी चौराहा और गिरजाघर चौराहे के पास तीन और चार सवारियों वाली बाइकें गुजरती रहीं। किसी ने हेलमेट नहीं लगाया था। आसपास यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद ट्रिपल राइडिंग पर रोक नहीं लगी। इससे पुलिस की निगरानी और कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
जागरूकता के साथ कार्रवाई की भी जरूरत
एक नवंबर से यातायात माह के तहत पुलिस जागरूकता अभियान चला रही है। इसके बावजूद बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने के मामले सामने आ रहे हैं। नियमित चेकिंग और प्रभावी कार्रवाई के अभाव में वाहन चालक नियमों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। ऐसे में जागरूकता के साथ सख्ती भी जरूरी है।
10 महीने में 2.50 लाख से अधिक वाहनों का चालान
आजमगढ़। जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जनवरी से अक्तूबर 2026 तक 10 माह में पुलिस ने विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 2.50 लाख से अधिक वाहनों का चालान किया। इनमें सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ की गई। इस दौरान 1,59539 दोपहिया वाहन चालकों का चालान किया गया। वहीं, बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने के मामले में 6006 चालान किए गए। अन्य यातायात नियम तोड़ने पर 2.50 लाख से अधिक का चालान दस माह में किया जा चुका है।
मई और जून में सबसे अधिक हुई कार्रवाई
आजमगढ़। माहवार आंकड़ों पर गौर करें तो जून में सर्वाधिक 38,860 वाहनों का चालान किया गया। मई में 32,722 और जुलाई में 27,932 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई हुई। जनवरी में 29,384, फरवरी में 23,458, मार्च में 17,960, अप्रैल में 16,436, अगस्त में 23,494 और सितंबर में 19,010 वाहनों का चालान किया गया। आंकड़ों के अनुसार, पुलिस की कार्रवाई में हेलमेट और यातायात के अन्य नियमों का उल्लंघन प्रमुख रूप से सामने आया है।
नाबालिगों के हाथ में भी बाइक की कमान
शहर की सड़कों पर नाबालिग भी बेखौफ बाइक दौड़ाते नजर आ रहे हैं। कम उम्र में वाहन चलाने के दौरान न तो यातायात नियमों का ध्यान रखा जा रहा है और न ही सुरक्षा मानकों का। कई नाबालिग बिना हेलमेट बाइक चलाते दिखते हैं। अभिभावकों की लापरवाही भी इसकी एक बड़ी वजह है।
यातायात नियमों का पालन कराने के लिए नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, बिना सीट बेल्ट और ओवरस्पीडिंग करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है। यातायात माह के दौरान लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। -पंकज कुमार श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक आजमगढ़।