सठियांव के ग्राम पंचायत कौड़िया में निर्माणाधीन प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी भवन निर्माण म?
- फोटो : AZAMGARH
मुबारकपुर। सठियांव के कौड़िया गांव के ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी भवन के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। निर्माण सामग्री की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की और कहा कि ऐसा नहीं किया गया तो वे आंदोलन तेज करेंगे।
कौड़िया गांव में 11 लाख 42 हजार की लागत से प्राथमिक विद्यालय व आंगनबाड़ी का भवन बनाया जा रहा है। ताकि बच्चों को निशुल्क अच्छी शिक्षा दी जा सके। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा मानक में निर्माण नहीं कराया जा रहा है। आरोप है कि तीसरे दर्जे की ईंट (सेमा) व सफेद बालू का प्रयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय की गुणवत्ता की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। यदि यहां के प्रधानाध्यापक द्वारा भवन का निर्माण कराया जाता तो अच्छे भवन का निर्माण होता, चूंकि कुछ दिन पहले यहां के प्रधानाध्यापक द्वारा एक अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कराया गया है जो गुणवत्ता की नजीर है। ग्रामीणों सुरेंद्र यादव, झिनक, गुलाब, बालकिशुन, संदीप, सुरेंद्र, जितेंद्र चौहान, दशरथ, केशव, अजय, हरिकेश, रविंद्र व श्यामलेश आदि ने उच्चाधिकारियों का ध्यान इस घटिया निर्माण के प्रति आकृष्ट कराया है। खंड शिक्षा अधिकारी सठियांव क्षमा शंकर पांडेय से पूछा गया तो उन्होंने दबी जबान में मामले की जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही।