माहुल नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच सरदार पटेल नगर के ग्रामीणों ने मंगलवार दिन में तीन बजे निषाद पार्टी के जिला उपाध्यक्ष बृजेश पांडेय के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दिया कि 24 घंटे के अंदर यदि इसे बदला नहीं गया तो निषाद पार्टी इसके लिए आंदोलन को बाध्य होगी।
वार्डवासियों ने कहा कि माहुल नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच में लगा 25 केवीए का यह ट्रांसफार्मर एक माह से जला पड़ा है। जिसके कारण करीब 50 घरों के लोग इस भीषण गर्मी में परेशान हैं और अंधेरे में जीवन यापन कर रहे हैं। यही नहीं रात में महिलाएं अपने छोटे-छोटे बच्चों को लेकर बागों में और पेड़ों के नीचे सो रही हैं। जिसके कारण उन्हें सांप और बिच्छू का खतरा भी बना हुआ है। इसको बदलने के लिए तीन जुलाई को माहुल अंबारी मार्ग पर जाम लगा दिया था, उसके बाद बिजली विभाग द्वारा इसे बदला गया पर लगाने के बाद ही ये तुरंत फिर जल गया। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया पर इस समस्या पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। निषाद समुदाय की इस समस्या की सूचना मिलने पर निषाद समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष बृजेश पांडेय केवटाना बस्ती पहुंचे और ग्रामीणों के साथ उन्होंने वहां पर विरोध प्रदर्शन किया। बृजेश पांडेय ने बिजली विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि 24 घंटे के अंदर यदि जले ट्रांसफार्मर को बदला नहीं गया तो निषाद पार्टी इसके लिए बड़ा आंदोलन करेगी। इस मौके पर डब्लू बिंद, वीरेंद्र बिंद, रामअवध बिंद, रामा, कौशिल्या, शीला, रीता आदि उपस्थित थे।