शासन के निर्देश के बाद भी प्रशासन द्वारा आजमगढ़ हवाई अड्डा के विस्तारीकरण के लिए पुन: सर्वे न किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
ग्रामीणों ने कहा कि नागरिक उड्डयन विभाग ने आजमगढ़ हवाई अड्डा के विस्तार के लिए पूर्व में आबादी क्षेत्र के किए गए सर्वे को रद्द करके खाली व परती पड़ी जमीन का पुनः सर्वे कराकर प्रस्ताव भेजने का निर्देश जिला प्रशासन को दिया है। शासन ने इस संबंध में तीन बार पत्र जारी किया, लेकिन प्रशासन इसका पालन नहीं कर रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन ने हवाई अड्डा के विस्तार में गलत तरीके से सर्वे किया है। इससे आठ गांवों के लगभग 4000 घर उजाड़े जाएंगे। इस सर्वे में पांच परिषदीय विद्यालय, 400 प्रधानमंत्री आवास, 2000 सरकारी शौचालय व लगभग 75 इंडिया मार्का हैंडपंप प्रभावित हो रहे हैं।
प्रशासन के मनमाने रवैये से 50 हजार आबादी पर सीधा असर पड़ेगा। जिला प्रशासन विस्तारीकरण के लिए पुन: सर्वे कर शासन को रिपोर्ट भेजे। इस मौके पर ओमप्रकाश सिंह, श्याम नरायन सिंह, जीतनरायन यादव, केदार वर्मा, ज्ञानचंद, शिव प्रकाश यादव, रामकवल, ओमहरि प्रजापति आदि मौजूद रहे।