सगड़ी तहसील पर चक मार्ग पर अतिक्रमण के विरोध में प्रदर्शन करते नई बस्ती के ग्रामीण।
- फोटो : AZAMGARH
सगड़ी। तहसील क्षेत्र के महुला नई बस्ती के दर्जनों की संख्या में पुरुष व महिला शुक्रवार को सगड़ी तहसील पहुंचे। ग्रामीणों ने चकमार्ग पर हुए अतिक्रमण को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद एसडीएम गौरव कुमार को ज्ञापन सौंप अतिक्रमण हटाने की मांग की।
सगड़ी के देवारा में वर्ष 1983 में घाघरा नदी की कटान में 41 परिवारों के घर मुख्य धारा में विलीन हो गए। जिनको स्थानीय प्रशासन ने आवासीय पट्टा महुला नई बस्ती के नाम से दिया। जहां पर 41 परिवार अपनी गृहस्थी बसाकर निवास करते हैं। आज भी उनके घर तक जाने के लिए एक चकमार्ग का ही सहारा है। उस पर भी गांव के कुछ लोग अतिक्रमण कर रहे हैं। जिससे उस पर चलना दुश्वार हो गया है। परेशान होकर दर्जनों की संख्या में महिला व पुरुष ट्रैक्टर ट्राली से दोपहर को सगड़ी तहसील पर पहुंचकर प्रदर्शन किए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग चक मार्ग पर अतिक्रमण कर आवागमन अवरुद्ध कर रहे हैं। अभिलेख में गाटा संख्या 885 चक मार्ग के नाम से अंकित है जिसके दोनों तरफ कंटीले तार व वृक्ष लगाकर चक मार्ग को अवरुद्ध कर अतिक्रमण किया जा रहा है। जिसके चलते घर तक पहुंचने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। अतिक्रमण को लेकर गांव में रोष व्याप्त है। एसडीएम सगड़ी गौरव कुमार को ग्रामीणों ने ज्ञापन देकर पक्की पैमाइश कराने व अतिक्रमण हटाने की मांग की । इस दौरान गनपति, मनिका, लक्ष्मीना, ज्ञानचंद, परमहंस, उर्मिला, लालमुनी, सुंदरी, उषा, लालती, निर्मला, योगेंद्र, कालिका, रामनिवास, चिंता,सत्यनारायण, सुभावती, ज्ञानमती, सुमित्रा आदि मौजूद थे।