सगड़ी। तहसील क्षेत्र के पीएचसी अजमतगढ़ पर गुरुवार को कोरोना का टेस्ट कराने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीण सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते हुए जांच कराने को आतुर थे। इसी बीच जांच किट समाप्त हो गई। इसके बाद ग्रामीण नाराज हो गए और कर्मचारियों से उनकी झड़प हो गई। सूचना पर पहुंचे एसडीएम सगड़ी और कोतवाल ने ग्रामीणों को समझाकर वापस किया।
बृहस्पतिवार को लगभग 11 बजे अचानक 500 से ऊपर लोग जांच कराने के लिए अजमतगढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। इस दौरान कुल 200 जांच किट उपलब्ध थी जिससे 200 लोगों की जांच की गई। जिसमें से 12 लोग पॉजिटिव पाए गए। किट समाप्त होने के बाद ग्रामीणों का दबाव था कि सबकी जांच आज ही कराई जाए। जिस पर कर्मचारियों ने किट समाप्त होने का हवाला दिया तो ग्रामीण कर्मचारियों से भिड़ गए और गाली गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो गए। कई कर्मचारियों को हल्की चोटें भी आई हैं। चिकित्साधिकारी डा. प्रदीप कुमार ने बताया कि जिले से 200 जांच किट मिली थी और उतने लोगों की जांच की गई। जिसमें 12 लोग पॉजिटिव पाए गए। पर ग्रामीण जिस तरह से कर्मचारियों के साथ अभद्रता पर उतारू थे। चिकित्सक और कर्मचारी भी कोरोना से दिन रात लड़ रहे हैं और लोगों की जान बचाने में लगे हुए हैं। इस तरह का व्यवहार ठीक नहीं है। उन्होंने सुरक्षा की मांग की है। वहीं एक दूसरे कर्मचारी ने बताया कि यदि इसी तरह से चलता रहा तो जांच करने और ड्यूटी करने से हट जाएंगे।