आजमगढ़। आबकारी विभाग के सहायक आबकारी आयुक्त (प्रवर्तन) राजकिशोर सिंह की ओर से ट्रक चालक को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ लिया है। मामले का संज्ञान लेते हुए उप आबकारी आयुक्त आनंद प्रकाश ने सहायक आबकारी आयुक्त से स्पष्टीकरण मांगा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सहायक आबकारी आयुक्त (प्रवर्तन) राजकिशोर सिंह एक ट्रक चालक को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस पर उन्होंने बताया कि सठियांव टोल प्लाजा के पास ट्रक को रुकने के लिए संकेत किया गया। चालक वाहन लेकर आगे निकल गया। उन्हें ट्रक में अवैध गतिविधि होने का संदेह हुआ। टीम ने लगभग 10 किलोमीटर तक पीछा करके ट्रक को रोक लिया। सहायक आबकारी आयुक्त (प्रवर्तन) राजकिशोर सिंह ने कहा कि चालक को भागने से रोकने और डराने-धमकाने के उद्देश्य से थप्पड़ मारा। उन्होंने ये भी स्वीकार किया कि ट्रक की तलाशी के दौरान कोई अवैध सामान बरामद नहीं हुआ। वाहन के सभी दस्तावेज सही पाए गए। मामला तूल पकड़ने के बाद उप आबकारी आयुक्त आनंद प्रकाश ने कहा कि विभाग ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। पूरे घटनाक्रम के संबंध में सहायक आबकारी आयुक्त से लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने कहा कि यदि मारपीट की घटना हुई है तो यह उचित नहीं है। पहले संबंधित अधिकारी का पक्ष लिया जाएगा। उसके बाद पूरे प्रकरण की जांच करके तथ्यों के आधार पर विभागीय कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जो भी दोषी होगा उसे बक्शा नहीं जाएगा। ट्रक चालक रुकने का इशारा मिलने के बाद क्यों भागा उससे भी पूछताछ की जाएगी।