पंजाब प्रांत के गुरुदासपुर में हुए आतंकी हमले के विरोध में बजरंगदल और विश्व हिंदू परिषद ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट चौराहे पर पाक समर्थित आतंकवाद का पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शहीद हुए जवानों को श्रद्घांजलि देने के साथ ही पाकिस्तान पर कार्रवाई की मांग का ज्ञापन अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को सौंपा।
कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग किया कि पाकिस्तान द्वारा गुरुदासपुर में जो कायराना हरकत की गई है उसके इस कुकृत्य का मुंह तोड़ जवाब दिया जाए। आतंकवाद पुतला फूंकने के बाद जब कोई अधिकारी ज्ञापन लेने के लिए मौके पर नहीं पहुंचा तो आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे नगर कोतवाली प्रभारी राजीव प्रताप सिंह ने उनसे चक्का जाम समाप्त करने को कहा लेकिन कार्यकर्ता बड़े अधिकारियों को बुलाने पर अड़े रहे। तभी उधर से एसपी ग्रामीण मोहम्मद इमरान निकले तो उन्होंने कार्यकर्ताओं से हंगामें का कारण पूूूछा। कार्यकर्ताओं ने जब उन्हें पूरी बताई तो वह गाड़ी से बाहर निकले और उनका ज्ञापन लिया।
इसके बाद सरस्वती शिशु मंदिर नगरपालिका में शोक सभा का आयोजन कर आतंकी घटना में शहीद जवानों और पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्द़ुल कलाम को श्रद्घांजलि दी। कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर गतात्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर विहिप के जिलाध्यक्ष डा. त्रिवेणी दत्त द्विवेदी, जिलामंत्री जयशंकर मिश्र, कोषाध्यक्ष रामकृष्ण मिश्र, बजरंग दल के संयोजक विमल मौर्य, जिला प्रभारी आनंद गुप्ता, रूपेश, विवेकानंद, गौरव सिंह, संजीव, अरविंद मोदनवाल, उज्जवल वर्म आदि उपस्थित थे।