मुख्य चौक सब्जी मंडी की बंद दुकाने।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। कोरोना संक्रमण पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने मुख्य चौक स्थित सब्जी मंडी की दुकानों को अठवरिया मैदान व वेस्ली स्कूल मैदान में लगाने का निर्देश जारी किया है। जिला प्रशासन के निर्देश के विरोध में व्यापारियों ने रविवार को मंडी बंद कर अनिश्चतकालीन हड़ताल पर चले गए।
कोरोना संक्रमण काल में सब्जी मंडी में भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने शहर के मुख्य चौक मंडी को अठवरिया व वेस्ली में सब्जी मंडी लगाने का निर्देश दिया है। अधिकारियों के समक्ष तो व्यापारियों ने प्रशासन की बात मान लिया लेकिन बाद में बैठक कर अधिकारियों के फरमान को मानने से इंकार कर दिया और फरमान के विरोध में मंडी अनिश्चितकालीन बंद करने की घोषण कर दी। मंडी बंद होने से सब्जी को लेकर आम जनता परेशान नजर आई। गौरतलब है कि शहर के मुख्य चौक क्षेत्र में गल्ला व सब्जीमंडी स्थिति है। स्थानीय किसानों से इस मंडी में प्रतिदिन हरी सब्जियां आती है और आढ़ती यहीं से थोक व फुटकर भाव में सब्जियां बेचते है। मंडी काफी सकरी है, जिसके चलते अक्सर ही यहां भीड़ हो जाती है। बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते मंडी में कोरोना गाइडलाइन का अनुपालन कराना कठिन हो रहा था। गत दिवस प्रभारी एसडीएम सदर राजीव रतन ने लॉकडाउन के हालत का जायजा लेने के दौरान मंडी का निरीक्षण किया। मंडी में भीड़ थी और सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन होता नजर नहीं आ रहा था। जिस पर उन्होंने तत्काल कुछ व्यापारियों को बुला कर मंडी की दुकानों को अन्यत्र खुले स्थानों पर स्थानांतरित करने की पहल की। उस समय व्यापारी एसडीएम के बातों से सहमत नजर आए। इसके बाद एसडीएम ने मंडी के पास स्थित अठवरिया मैदान व वेस्ली इंटर कालेज में सहुलित के हिसाब से सब्जी दुकान लगाने का फरमान जारी कर दिया। अधिकारी के जाने के बाद मंडी के कारोबारियों ने बैठक की और अधिकारियों की बातों को मानने से इंकार कर दिया। व्यापारियों मंडी में ही दुकान लगाने की मांग कर रहे हैं। इस बाबत व्यापारियों ने मंडी के गेट पर बोर्ड भी लगा दिया है। इस दौरान इक्का-दुक्का दुकानदार दुकान खुले नजर आए।