अतरौलिया-अहरौला मुख्य मार्ग पर स्थित झगड़ा पाकड़पुर गांव के पास मंगलवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। इस पर किसी की नजर नहीं गई और नतीजा यह रहा कि शव को कुचलते हुए गाड़ियां निकलती रहीं, जिससे लाश सड़क से चिपक गई थी। बुधवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस पहुंची और शव की पहचान कर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। युवक एक बारात में शामिल होकर अपने साढ़ू के घर जा रहा था।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के मंगूरगढ़ गांव निवासी राकेश बनवासी (30) पुत्र मंगरू तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर और दो बेटी और दो बेटों का पिता था। अहरौला थाना क्षेत्र के खजुरी गांव में राकेश के साढ़ू का घर है। बीते एक सप्ताह पूर्व वह अपने साढ़ू के घर आया हुआ था। मंगलवार की रात झगड़ा पाकड़पुर गांव में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राकेश वहां गया हुआ था। रात करीब 11 बजे बारात में भोजन करने के बाद राकेश साइकल से साढ़ू के घर के लिए चल दिया।
जैसे ही वह अतरौलिया-अहरौला मुख्य मार्ग पर पहुंचा कि अज्ञात वाहन की टक्कर से वह घायल हो गया। राकेश बीच सड़क पर गिर गया जबकि उसकी साइकल गड्ढे में चली गई। राकेश को कोई अस्पताल पहुंचाने वाला नहीं मिला, जिससे उसकी मौत हो गई। राकेश की लाश बीच सड़क पर पड़ी रही। उधर से गुजरने वाली गाड़ियों के चालक राकेश को अस्पताल पहुंचाने या पुलिस को सूचना देने की बजाय उसके लाश के ऊपर से ही अपनी गाड़ी लेकर आते-जाते रहे। रात भर में राकेश के ऊपर से इतनी गाड़ियां गुजरी की लाश क्षतविक्षत हो गई थी। बुधवार की सुबह गांववालों की सूचना पर पुलिस पहुंची और राकेश की पहचान कर घरवालों को सूचना देकर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी।