जिला अस्पताल में कोरोना टीका लगवाते एसआईसी डॉ.स्वास्ती सिंह।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। पहले चरण के पांचवें दौर में बृहस्पतिवार को 3005 हेल्थवर्करों का टीकाकरण किया गया। जबकि लक्ष्य 4484 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य था। शुक्रवार को 13 केंद्रों के 27 बूथों पर टीकाकरण होगा। कुल 2830 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें 966 अन्य विभागों के फ्रंट लाइन वर्कर शामिल हैं।
टीकाकरण के प्रथम चरण के तहत कुल 16089 लोगों का पंजीकरण हुआ था। बृहस्पतिवार को पहले चरण के पांचवें दिन का शासन ने 4484 हेल्थ वर्करों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके लिए 25 केंद्रों पर कुल 44 बूथ स्थापित किए गए थे। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 3005 लोगों ने पांचवें दिन टीकाकरण कराया। जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. एके सिंह, एडिशनल सीएमओ डॉ. अरविंद कुमार सिंह, आईएमए अध्यक्ष डॉ. डीपी राय, पूर्व अध्यक्ष डॉ. स्वास्ति सिंह, डॉ. एके राय शामिल ने टीका लगवाया। टीका लगवाने वाले हेल्थ वर्करों में उत्साह देखने को मिला। टीकाकरण के बाद किसी को भी कोई समस्या नहीं हुई। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार से अन्य विभागों के फ्रंट लाइन वर्करों का टीकाकरण शुरू हो रहा है। शुक्रवार को कुल 13 केंद्रों पर 27 बूथों के माध्यम से टीकाकरण का कार्य कराया जाएगा। 27 बूथों में 18 हेल्थ वर्करों के लिए तो 9 अन्य विभागों के फ्रंट लाइन वर्करों के लिए होगा। छठें दिन के टीकाकरण के लिए कुल 2830 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें 1864 हेल्थ वर्कर व 966 अन्य विभागों के फ्रंट लाइन वर्कर शामिल हैं।
सीएचसी फूलपुर पर 101 का टीकाकरण
मेजवां। सीएचसी फूलपुर में 101 हेल्थ वर्करों ने अपना टीका लगवाया। इनमें अधीक्षक डॉ. रामआशीष सिंह यादव के नेतृत्व में आशा, आंगनबाड़ी, फार्मासिस्ट, एलटी, एएनएम के साथ ही कई प्राइवेट अस्पतालों के डॉक्टरों व स्टाफ शामिल हैं। तहबरपुर : पीएचसी पर भी बृहस्पतिवार को टीकाकरण हुआ। आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को कोरोना का टीका लगाया गया। टीकाकरण के बाद किसी को भी कोई परेशानी नहीं हुई।