जिला अस्पताल में कोरोना टीकाकरण के बारे में स्वास्थ्य कर्मियों को दिशानिर्देशित करते सीएमओ डा.ए
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। कोरोना टीकाकरण का दूसरा चरण भी शुक्रवार को जिले में संपन्न हो गया। दूसरे चरण में 15 केंद्रों के 28 बूथो पर 2800 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिसके सापेक्ष मात्र 1906 लोगों का ही टीकाकरण हो सका। प्रथम चरण में 73 प्रतिशत टीकाकरण हुआ था जो दूसरे चरण में घट कर 68 प्रतिशत हो गया।
शासन के निर्देश पर शुक्रवार को आयोजित कोरोना टीकाकरण के दूसरे चरण के तहत जिले में 15 केंद्रों पर टीकाकरण कराया गया। इन 15 केंद्रों पर कुल 28 बूथ स्थापित थे और हर बूथ पर 100-100 लोगों के टीकाकरण लक्ष्य इस बार भी निर्धारित था। स्वास्थ्य महकमा पहले चरण में लक्ष्य पूरा नहीं कर सका था। जिसके चलते इस बार शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के उद्देश्य को लेकर महकमा काम कर रहा था। इसके बाद भी स्वास्थ्य महकमे की सारी कवायद पूरी तरह से सफल नहीं हो सकी। दूसरे चरण में भी 2800 के सापेक्ष मात्र 1906 लोगों ने ही अपना टीकाकरण कराया और जिले में टीकाकरण का प्रतिशत मात्र 68 प्रतिशत रहा। जिला अस्पताल पर पहला टीका लगवा कर अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. मोहिबुल्ला ने दूसरे चरण के अभियान की शुरूआत किया। शुक्रवार को हुए दूसरे चरण के टीकाकरण के दौरान भी स्वास्थ्य महकमे के अधिकारी विभिन्न केंद्रों का चक्रमण करते नजर आए। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने जहां जिला अस्पताल, पीएचसी सठियांव का निरीक्षण किया तो वहीं अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. मोहिबुल्ला ने पीएचसी महराजगंज पर पहुंच कर टीकाकरण कार्य का निरीक्षण किया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय ने सीएचसी पल्हनी, रानी की सराय व जिला महिला अस्पताल में स्थापित बूथ का निरीक्षण किया। इसके अलावा सभी एडीशनल व डिप्टी सीएमओ भी विभिन्न केंद्रों पर पहुंच कर टीकाकरण अभियान का हाल लेते रहे।