आजमगढ़। जिले के लोगों के लिए भी अब फर्रुखाबाद आना-जाना आसान हो जाएगा। कोरोना काल के पूर्व पूरे सप्ताह चलने वाली ट्रेन उत्सर्ग एक्सप्रेस दो मार्च से बदले हुए नाम व नंबर से सप्ताह में तीन चलाने की तैयारी है। यह स्पेशल ट्रेन अब प्रतिदिन नहीं चलेगी। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने समय सारिणी घोषित कर दी है।
कोरोना काल के पूर्व उत्सर्ग एक्सप्रेस जो छपरा से चलकर आजमगढ़ होते हुए फर्रुखाबाद को जाती थी, यह रात करीब 10.45 बजे आजमगढ़ स्टेशन पहुंचती थी। कोरोना संक्रमण फैलने पर इसका संचालन रोक दिया गया था। संक्रमण कम होने के बाद रेलवे ने धीरे-धीरे एक-एक कर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। रेलवे ने उत्सर्ग एक्सप्रेस का नाम बदलकर स्पेशल ट्रेन कर दिया। इसके साथ ही छपरा से चलने वाली ट्रेन का नंबर 05083 कर दिया गया है, जबकि पूर्व में इस ट्रेन का नंबर 08191 था। वहीं फर्रुखाबाद से चलने वाली ट्रेन का नंबर 05084 कर दिया गया है। छपरा से चलने वाली स्पेशल ट्रेन दो मार्च से चलेगी। वहीं फर्रुखाबाद से चलने वाली स्पेशल ट्रेन तीन मार्च से चलेगी। छपरा से फर्रुखाबाद जाने वाली ट्रेन रात करीब 10.45 बजे आजमगढ़ पहुंचेगी, जबकि फर्रुखाबाद से छपरा को आने वाली ट्रेन सुबह 03.30 बजे आएगी।
उत्सर्ग एक्सप्रेस के स्थान पर एक स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। अब यह पूरे सप्ताह नहीं बल्कि सप्ताह में तीन दिन ही चलाई जाएगी। यह 05083 नंबर की स्पेशल ट्रेन मंगलवार, बुधवार व शनिवार को चलेगी। वहीं 05084 स्पेशल ट्रेन बुधवार, बृहस्पतिवार व रविवार को चलेगी। - अखिलेश सिंह, मंडल वाणिज्य निरीक्षक ।