आजमगढ़। नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को प्रशासन अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। निकाय चुनाव में पहली बार बैलेट पेपर में नोटा का भी विकल्प होगा ।
इसके लिए जिले को 17 जोन और 44 सेक्टरों में बांटा गया है। जिसमें तीन जोन 12 सेक्टर आजमगढ़ नगरपालिका, तीन जोन और 10 सेक्टर मुबारकपुर नगरपालिका में बनाए गए हैं। इसके साथ ही सभी नगर पंचायतों में एक जोन और दो सेक्टर बनाए गए हैं।
एक बूथ पर एक पीठासीन अधिकारी सहित तीन मतदान अधिकारी तैनात होंगे। आयोग द्वारा द्वितीय मतदान अधिकारी के स्थान पर किसी महिला को तैनात करने का निर्देश दिया गया है। इस तरह जनपद में बने 364 बूथों पर 1456 कर्मचारियों की जरूरत होगी। वहीं 30 प्रतिशत कर्मचारी रिजर्व में रखे जाएंगे।
रिजर्व को मिलाकर कुल 1892 कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। प्रशासन अपनी तैयारियों को लगभग पूरा कर चुका है, अब उसे आयोग द्वारा जारी की जाने वाली अधिसूचना का इंतजार है। लोगों का मानना है कि चुनाव आयोग संभवत: 27 अक्टूबर को अधिसूचना जारी कर सकता है।
जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय और नगरीय निकाय राकेश कुमार ने कहा कि एक इलेक्शन एप लांच किया गया है। जिसे मोबाइल पर अपलोड कर बूथ, बीएलओ, मतदाता, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा सकती है।