अहरौला। फुलवरिया बाजार स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के नजदीक चाय-पान की दुकान चलाने वाली सुमन गौड़ और उनके दो पुत्रों सुजीत व शुभम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। महाराजगंज थाने के त्रिपुरापुरा निवासी अवनीश कुमार यादव ने आरोप लगाया कि चाय पीने के बाद 100 रुपये देने पर महिला और उसके बेटों ने अभद्रता करते हुए मारपीट की है।
अवनीश ने पुलिस को बताया कि वह कस्टम विभाग लखनऊ में निरीक्षक पद पर कार्यरत है। 18 मई को वह अपनी बहन अंजू के साथ लखनऊ जाने के लिए पूर्वांचल के बगल में फुलवरिया बाजार में एक दुकान पर चाय पीने के लिए रूके। दुकान पर चाय पीने के बाद 100 का नोट देने पर दुकान पर बैठी महिला और उसके दो पुत्रों ने छुट्टे पैसा देने के लिए कहा। छुट्टा पैसा न होने की बात कहने दुकान मालकिन बुरी तरह से भड़क गई और गाली गलौज करने लगी। इसके बाद एक बोतल पानी और पकौड़ी ली गई, ताकि रुपये लौटाने में देने में आसानी हो जाए। इसके बाद अवनीश बहन अंजू के साथ अपनी गाड़ी की तरफ जा रहे थे कि उक्त दुकानदार महिला और उसके दोनों बेटों ने रोक कर अभद्रता करना शुरू कर दिया। मना करने पर हमला कर दिया। इसमें अवनीश व उनकी बहन अंजू गंभीर रूप से घायल हो गईं।
थानाध्यक्ष अहरौला मंतोष कुमार सिंह का कहना है शिकायतकर्ता अवनीश कुमार यादव को गंभीर चोट थी, उसकी बहन भी घायल थी। तहरीर पर अहरौला पुलिस ने दुकान संचालिका सुमन गौड़ और उनके दो पुत्रों सुजीत व शुभम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।