UPPSC PCS Result : आजमगढ़ जिले की दीवानी न्यायालय में तैनात एसीजेएम की छोटी बहन असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी बनीं। लगातार सातवें इंटरव्यू में उन्हें सफलता मिली। उर्वशी चंद लखनऊ में रहकर तैयारी कीं।
आजमगढ़ जिले के दीवानी न्यायालय में कार्यरत एसीजेएम रश्मि चंद की छोटी बहन उर्वशी चंद का चयन पीसीएस परीक्षा में असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी पद पर हुआ है। उनकी सफलता से परिवार और जिले में खुशी का माहौल है। उर्वशी चंद के पिता राजेंद्र चंद जिला जज पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं और आजमगढ़ में मुंसिफ हवेली भी रह चुके हैं।
विज्ञापन
मूल रूप से गोरखपुर जनपद के गोलाबाजार तहसील के नेवासा गांव के निवासी राजेंद्र चंद जब आजमगढ़ में तैनात थे, उसी दौरान उर्वशी चंद का जन्म हुआ था। उर्वशी की प्रारंभिक शिक्षा जौनपुर और बाराबंकी में हुई। इसके बाद उन्होंने लखनऊ से इलेक्ट्रिकल इलेक्ट्रॉनिक्स में बीटेक किया।
पिता के सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने लखनऊ में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी शुरू की। बड़ी बहन के पीसीएस जे में चयन से प्रेरित होकर उन्होंने तैयारी शुरू की और लगातार सातवें इंटरव्यू में उन्हें सफलता मिली। उर्वशी ने बताया कि सफलता के लिए लगातार प्रयास जरूरी है और घर पर रहकर भी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की जा सकती है।