उत्तर प्रदेश सरकार के उर्जा राज्य मंत्री वसीम अहमद द्वारा गुरुवार की देर शाम पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। जिसमें उन्होंने अधिकारियों को किसानों द्वारा ट्यूबवेल के लिए दिए जा रहे कनेक्शन के आवेदन को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर जोड़ने का निर्देश दिया।
उर्जा राज्य मंत्री वसीम अहमद ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि चौराहों के चौड़ीकरण के दौरान अंडर ग्राउंड केबिल को जो नुकसान पहुंचा है। उसकी क्षति का पैसा संबंधित विभाग से वसूला जाए और उसकी मरम्मत की जाए। 24 मई तक अंडर ग्राउंड केबिल से विद्युत की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि महराजगंज, पटवध और बिलरियागंज उपकेंद्र को 29 मार्च तक उच्चीकृत कर देना है। जिसके तहत महराजगंज में पांच एमवीए, पटवध में पांच एमवीए और बिलरियागंज में 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाकर उच्चीकृत किया जाना है।
इसके साथ ही मार्च के आखिरी हफ्ते में आने वाले 160 एमवीए के ट्रांसफार्मर को छह अप्रैल तक लगाना सुनिश्चित करें। हर कार्य पूर्ण होने की तिथि निर्धारित करते हुए उर्जा मंत्री ने कहा कि मुबारकपुर में बनने वाला 132 केवी सब स्टेशन 15 मई तक, सेठवल का जून तक, बिंदवल जयराजपुर का सितंबर तक, बड़गहन का अक्टूबर तक कार्य पूर्ण हो जाना चाहिए।
बैठक के दौरान उन्होंने बिलरियागंज में लगे खंभों के लिए तार रीलीज करने का निर्देश देते हुए एक हफ्ते में विद्युत आपूर्ति देने का निर्देेश अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि जुलाई तक जुनेदगंज बाइपास पर बन रहे सब स्टेशन का कार्य पूर्ण हो जाएगा। इससे शहर के उत्तरी हिस्से को जोड़ा जाएगा। इस मौके पर पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी एके सिंह, मुख्य अभियंता पीपी सिंह, अधीक्षण अभियंता डीके सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
वहीं माध्यमिक शिक्षा मंत्री बलराम यादव द्वारा सर्किट हाउस में विद्युत विभाग के एमडी से कहा कि अतरौलिया विधान सभा खेत्र में विद्युत तार और टाउन एरिया अतरौलिया वाला फीडरजर्जर हालत में है। इसे तत्काल ठीक कराएं। उन्होंने कहा कि पूरे जनपद में बिना सर्वे कराए नागार्जुना द्वारा विद्युतीकरण का कार्य कराया जा रहा है जो संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कार्यप्रणाली में सुधार करने का निर्देश दिया।