आजमगढ़ जिले के दीदारगंज पुलिस ने एटीएम क्लोनिंग व कार्ड बदल कर दूसरे के खाते से पैसा उड़ाने वाले पांच साइबर अपराधियों को बुधवार सुबह सुरहन तिराहे से गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने इन्हें साइबर अपराधी गैंग के रूप में पंजीकृत कराया है। अब सभी की हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी और आगे की कार्रवाई होगी।
जिले में इन दिनों साइबर क्राइम चरम पर है। लोगों के खाते से कैश गायब होने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। बुधवार सुबह दीदारगंज पुलिस ने सुरहन तिराहे से पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अपराधियों में नवीन गौतम निवासी ग्राम भादो, शिवम व सिकंदर निवासी सुरहन, अविनाश निवासी बस्तीकपुरी थाना दीदारगंज, प्रवेश निवासी नौली थाना खेतासराय जौनपुर हैं।
इनके पास से कुल 12 एटीएम कार्ड, एक तमंचा, कारतूस और 1920 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में बताया कि वे बैंक खाताधारकों के एटीएम कार्ड बदलकर व क्लोनिंग कर उनके खाते से कैश निकाल लेते हैं। बताया कि कुछ लोग एटीएम के बाहर रेकी करते हैं और एक व्यक्ति अंदर पैसा निकालने वाले व्यक्ति के पीछे खड़ा हो जाता है और मदद के नाम पर उसके एटीएम कार्ड को बदल लेता है। एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि इस गैंग में कुल 24 सदस्य है। गैंग का लीडर नवीन गौतम है। इस गैंग के लोग प्रदेश के अन्य जनपदों में भी कार्ड बदलकर व क्लोनिंग कर दूसरे के खाते से पैसा निकालते रहे हैं।
इस गैंग को प्रदेश के पहले साइबर गैंग के रूप में पंजीकृत कराया गया है। अब इस गैंग के सभी सदस्यों की हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी। इसके साथ ही कुर्की आदि की कार्रवाई कर इस गैंग को पूरी तरह से समाप्त करने की कवायद जनपद पुलिस करेगी।
त्रिवेणी सिंह, एसपी, आजमगढ़
नवीन गौतम पर दर्ज हैं दर्जन भर से अधिक मुकदमे
आजमगढ़। एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि गैंग लीडर के रूप में चिह्नित नवीन गौतम पर जिले व जनपद के बाहर दर्जन भर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसमें आजमगढ़ में नौ, बलिया में एक, देवरिया में चार मुकदमे हैं। वहीं दूसरे साइबर अपराधी शिवम पर जिले में कुल पांच मामले दर्ज है। तीसरे साइबर अपराधी प्रवेश पर जिले में दो व जौनपुर में एक मामला दर्ज है।