आजमगढ़ जिले में निकाय चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से 21 जोनल मजिस्ट्रेट और 54 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती है। इसके साथ ही चार सुपर जोनल मजिस्ट्रेट भी लगाए हैं। इसके अलावा निकायवार निर्वाचन अधिकारी बनाए गए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने बताया कि चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए बूथों पर स्थानीय पुलिस के अलावा बीएसएफ के जवानों की तैनाती रहेगी। सभी निकायों को सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए 21 जोन और 54 सेक्टर में बांटा गया है।
शहर की सरकार के भाग्य का गुरुवार को फैसला होगा। ये फैसला लिखेंगे चार लाख 57 हजार से अधिक मतदाता। आपके एक-एक वोट से तय होगा शहर में सरकार कैसी होगी। किसकी होगी। उम्मीद है कम मतदान प्रतिशत का दाग भी धुल जाएगा। ऐसा इसलिए भी जरूरी है कि 2017 में केवल 48 फीसदी मतदान नगर निकायों के लिए हुआ। इस बार अधिक से अधिक मतदान कर रिकॉर्ड बनाना है। गुरुवार सुबह सात बजे से वोटिंग शुरु होगी। शाम छह बजे तक मतदान होगा।
आजमगढ़ जनपद के 532 बूथों पर चार लाख 57 हजार 725 मतदाता 1316 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। इसमें 170 चेयरमैन और 1146 सभासद पद के प्रत्याशी हैं। कुल मतदाता में 240532 पुरुष व 217193 महिलाएं शामिल हैं। सभी उपजिलाधिकारी को इलाके में चुनाव को शांति से संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।