युवक का पंखे से लटकता मिला शव
आजमगढ़ के मेंहनगर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में रविवार को एक युवक का घर के अंदर फंदे से लटकता शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निहार नंदन ने बताया कि दौलतपुर निवासी पंकज यादव (25) रोजी-रोटी के लिए गुजरात में एक कंपनी में काम करता था। वह करीब चार दिन पहले ही घर लौटा था। बताया गया कि उसकी चार साल पहले शादी हुई थी और पत्नी अंजू से उसका विवाद चल रहा था, जिसके चलते पत्नी अपने मायके में रह रही थी।
रविवार को पंकज घर पर मौजूद था। जब उसकी मां उसे बुलाने कमरे में गई तो उसने देखा कि पंकज का शव छत के पंखे से साड़ी के सहारे लटक रहा था। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक दो बहनों में अकेला भाई था। उसकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।