बरदह थाना क्षेत्र के सराय मोहन में अज्ञात युवती की लाश मिलने पर जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : AZAMGARH
बरदह थाना क्षेत्र सरायमोहन गांव के टड़िया मार्ग पर स्थित एक पोखरी में रविवार की सुबह एक अज्ञात महिला का शव उतराया हुआ मिला। पुलिस ने शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन उसकी पहचान नहीं हुई।
सरायमोहन गांव में रविवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव टड़िया गांव जाने वाली पोखरी में शौच के लिए निकले लोगों ने एक शव उतराया हुआ देखा। उनके शोर मचाने पर काफी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद उसकी शिनाख्त में जुट गई लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। उक्त महिला की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच है। महिला शादीशुदा है, उसने नीली साड़ी, जैकेट शरीर पर कई आभूषण पहने है। ग्रामीणों का कहना है कि यह महिला अगल-बगल की नहीं लग रही है। लोगों को आशंका है कि कहीं से हत्या करके लाकर फेंका गया है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा। क्योंकि शरीर पर कहीं कोई निशान चोट नहीं दिख रहा है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।