आजमगढ़ जनपद में एक ऐसा भी स्कूल है, जहां दो शिक्षक तैनात हैं, लेकिन छात्र एक भी नहीं है। यह सुनकर शायद विश्वास नहीं हो, लेकिन मोहम्मदपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय परशुरामपुर में पिछले कई साल से एक भी बच्चे का नामांकन नहीं हुआ और यहां दो शिक्षकों की तैनाती थी।
जिसमें एक शिक्षक की बहाली हो चुकी है जो खंड शिक्षा अधिकारी मोहम्मदपुर में संबद्ध हैं। वहीं दूसरे शिक्षक की बहाली नहीं हो सकी, जो रानी की सराय ब्लॉक में संबद्ध चल रहा है। हालांकि शिक्षा विभाग में पिछले कई साल से शिक्षकों का ट्रांसफर नहीं हुआ। इस कारण आज भी दोनों शिक्षकों की मूल तैनाती प्राथमिक विद्यालय परशुरामपुर है।
परशुरामपुर की आबादी दो हजार से अधिक है। करीब 1000 से अधिक यहां मतदाता हैं। इसके बाद भी पूर्व माध्यमिक विद्यालय परशुरामपुर में एक भी बच्चे पंजीकृत नहीं है। जबकि इस विद्यालय में हरिद्वार राम पिछले कई साल से प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। इसके बाद यहां वर्ष 2020 में गौतम कुमार आए। उस समय छात्र-छात्राओं की संख्या करीब 10 से 15 थी। विभाग ने कई बार नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए, लेकिन शिक्षकों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।