थाना क्षेत्र के कोठवा जलालपुर गांव के पास बुधवार को दिन में लगभग 11 बजे अनियंत्रित वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला गिर कर गंभीररुप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए सीएचसी कोयलसा ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कप्तानगंज थाना के रानीपुर गांव निवासिनी राधिक देवी (28) पत्नी संतोष कुछ दिनों पूर्व अपने मायके मौना गांव गई थी। बुधवार की सुबह वह अपने देवर मोनू के साथ बाइक से ससुराल जाने के लिए निकली। अभी देवर-भाभी अहरौला थाना अंतर्गत कोठवा जलालपुर गांव के पास ही पहुंचे थे कि एक अनियंत्रित वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे पीछे बैठी राधिक चलती बाइक से गिर कर गंभीररुप से चोटिल हो गई। उसे आनन-फानन में सीएचसी रानीपुर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका दो पुत्री व एक पुत्र की मां थी। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अहरौला थाना पुलिस ने देवर मोनू की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।