सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाटघाट बाजार के पास रविवार को टायर फटने से बेकाबू टेंपो की चपेट में आने से बाइक सवार अधेड़ महेंद्र चौहान (47) की मौत हो जबकि आटो चालक बच गया। दूसरी दुर्घटना शनिवार की रात फरिहां में हुई। बेकाबू ट्रेलर की चपेट में आने से बोलेरो सवार सात और ट्रेलर चालक घायल हो गया।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के भरौली गांव का महेंद्र चौहान किसी काम से रविवार को अपनी बाइक से जा रहा था। बाइक चलाते समय वह हेलमेट नहीं पहना था। जैसे ही लाटघाट बाजार के पास पहुंचा कि सामने से आ रहे टेंपो का अगला टायर फट जाने से वह अनियंत्रित होकर महेंद्र की बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां परीक्षण कर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह तीन बेटों का पिता था। छत ढालने की मशीन चलवाता था।
फरिहां संवाददाता के मुताबिक देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बैरीडीह गांव निवासी इमरान खान परिवार के साथ फूलपुर निवासी रिश्तेदार की मौत होने पर मिट्टी देने गए थे। शनिवार की रात को वह बोलेरो से घर लौट रहा था। बोलेरो में सात लोग सवार थे। जैसे ही बोलेरो निजामाबाद थाने के फरिहां चौक पर पहुंचा कि उधर से गुजरे अनियंत्रित ट्रेलर से टक्कर लग जाने से जहां बोलेरो क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं बोलेरो में सवार सात लोग और ट्रेलर चालक भी घायल हो गया। घायल होने वालों में इमरान खान (55), इसरत (35) पत्नी अब्दुल करीम, नुरसबाबानो (30) पत्नी फैजान अहमद, समाअफरोस (32) पत्नी शादाब अहमद, शहनवाज (40) पुत्र फरीद, करीद (16) और दो साल का बच्चा शामिल है। यह सभी देवगांव कोतवाली के बैरीडंह गांव के निवासी हैं। जबकि ट्रेलर चालक रोहताश सिंह (44) पुत्र सम्मर है। वह अलीगढ़ जिले का रहने वाला है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की चीख पुकार सुनकर बाजार के लोग जग गए। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी फरिहां मौके पर पहुंचे। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां तीन की हालत गंभीर देख डाक्टर ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। डॉक्टर इमरान, नूरसबा और इसरत की हालत गंभीर देख वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।