फूलपुर थाना क्षेत्र के मनरा गांव के समीप पलटी अनियंत्रित कार।
- फोटो : AZAMGARH
सरायमीर। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मनरा गांव के पास सोमवार की शाम लगभग छह बजे एक चार पहिया अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। इस हादसे में कार सवार दो युवकों की जहां मौके पर ही मौत हो गई तो वहीं तीन अन्य सवार गंभीर रुप से घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निकलवा कर अस्पताल भेजा वहीं मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सरायमीर थाना क्षेत्र के शेरवां गांव निवासी 22 वर्षीय अर्सलान पुत्र फखरे आलम अपने साथियों 21 वर्षीय आसिफ पुत्र चुन्नू निवासी मुस्लिम कालोनी पवईलाडपुर थाना सरायमीर, 22 वर्षीय आफताब पुत्र मकसूद, 21 वर्षीय अदीब पुत्र मोहम्मद अहमद व 24 वर्षीय हाजी माज पुत्र रियाज अहमद के साथ कार से फूलपुर कोतवाली के सैदपुर में क्रिकेट मैच खेलने गये हुए थे। मैच खेलने के बाद पांचों युवक कार में सवार होकर वापस लौट रहे थे। अभी वे फूलपुर कोतवाली अंतर्गत मनरा गांव स्थित ढाबा के आगे ही निकले थे कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित खाई में पलट गई। हादसे की जानकारी होते ही लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी और सवारों को बाहर निकाले की कवायद शुरू हो गई। कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। हादसे में कार सवार अर्सलान व आसिफ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आफताब, अदीब व माज गंभीर रुप से घायल थे। जिन्हें पुलिस ने फूलपुर कस्बा स्थित प्राइवेट अस्पताल में भेज कर भर्ती कराया। वहीं दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के समय कार हाजी माज चला रहा था।