पल्हना। तरवां थाना क्षेत्र के भरथीपुर गांव के पास शनिवार को दिन में तीन बजे सड़क किनारे खड़े मामा-भांजा को अनियंत्रित कार ने रौंद दिया। इस हादसे में मामा की मौके पर ही मौत हो गई तो वहीं भांजा अस्पताल पहुंच कर दम तोड़ दिया। घटना के बाद कार चालक मौके पर ही वाहन छोड़ कर फरार हो गया।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के रेतवा चंद्रभानपुर गांव निवासी 25 वर्षीय विशाल चौहान पुत्र रामजनम चौहान शनिवार की सुबह अपने मामा 65 वर्षीय मुकुंदी चौहान पुत्र रामधारी निवासी अमिहित थाना केराकत जिला जौनपुर के साथ कहीं विवाह के सिलसिले में गया हुआ था। वापस लौटते समय मामा और भांजा ने तरवां थाना क्षेत्र के भरथीपुर गांव के पास बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दिया और सड़क किनारे ही खड़े होकर आराम करने लगे। इसी दौरान तरवां की तरफ से ही आ रही एक कार अनियंत्रित होकर मामा-भांजा को रौंद दिया। जिससे मामा की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर तरवां थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल भांजा को तत्काल सीएचसी तरवां भेजा जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया। मृतक विशाल तीन भाईयों में सबसे छोटा था। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।