अहरौला। गनवारा गांव के पास शनिवार की देर रात लगभग दस बजे बाइक सवार दो युवकों की अज्ञात वाहन की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मृतकों के घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। बाइक सवार युवक बारात में शामिल होने के लिए बाइक से आए हुए थे।
अहरौला थाना के गनवारा गांव में शनिवार को बरात आई हुई थी। इसी बरात में शामिल होने के लिए फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के इटकोहिया गांव निवासी सुभाष (22) और यशवंत (23) भी बाइक से आए हुए थे। रात दस बजे के आसपास वे बाजार से कुछ सामान लेने के लिए जा रहे थे कि इसी दौरान अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। सूचना पर काफी संख्या में बराती व आसपास के लोग मौके पर जुट गए। कुछ ही देर में अहरौला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। घटना की सूचना घर पहुंचते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।