जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के पकवाइनार बाजार में स्थित प्राइमरी स्कूल के पास गुरुवार रात करीब आठ बजे अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। घटना में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस के काफी प्रयास के बाद दोनों की शिनाख्त हो सकी। पुलिस ने चालक को भी ट्रक समेत पकड़ लिया है।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के चौको बुजुर्ग निवासी विनोद यादव (25) और उसका पड़ोसी राजू यादव (22) घर से किसी काम से जिला मुख्यालय आजमगढ़ गए हुए थे। वहां से दोनों बाइक से देर शाम घर लौट रहे थे।
रात आठ बजे के करीब पकवाइनार बाजार में स्थित प्राइमरी स्कूल पास पहुंचे थे कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गया।
मौके पर जब आसपास के लोग पहुंचे तो देखा कि दोनों युवक तड़फड़ा रहे थे। सूचना पर थोड़ी ही देर में पुलिस भी पहुंच गई। तब तक युवकों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस उनकी बाइक पर अंकित नंबर के जरिए उनकी शिनाख्त कर सकी। इसके बाद उनके घरवालों को हादसे की जानकारी दी गई। उधर पुलिस ने पीछा कर चालक समेत ट्रक को पकड़ लिया।