चोरी के आरोप में गिरफ्तार महिलाएं। श्रोत-पुलिस
- फोटो : प्रमोद उपाध्याय
रानी की सराय। थाना क्षेत्र में आभूषण की दुकान पर आभूषण बदलकर चोरी करने वाली दो महिलाओं जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के कैथोली गांव निवासी किरण देवी और छपरा सुल्तानपुर निवासी अनारकली को पुलिस ने घटना को अंजाम देने के एक घंटे के अंदर पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के पास से चोरी किए गए 116 ग्राम चांदी और 10 ग्राम सोने के आभूषण और 1060 रुपये नकदी बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिलाएं सिर्फ आभूषण दुकानों में चोरी करती हैं।
थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि चकसेठवल निवासी मनीष वर्मा ने मंगलवार को तहरीर दी कि उनकी दुकान पर दो महिलाएं ग्राहक बनकर आईं। उन्होंने सोने-चांदी के आभूषण देखने के बहाने नकली आभूषण से असली आभूषण बदल दिए। दुकानदार का दावा है कि एक जोड़ी पायल, मोती की माला, सोने का लॉकेट चोरी कर लिया। रानी की सराय पुलिस ने जांच शुरू की। एसपी के निर्देशन में गठित टीम ने घटना को अंजाम देने के एक घंटे के अंदर ही कोटिला कट क्षेत्र से दोनों महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों महिला आरोपियों ने बताया कि वे दोनों ग्राहक बनकर आभूषण की दुकानों पर जाती थीं। आभूषण देखने के दौरान मौका पाकर छोटे जेवर चोरी कर लेती थीं। बाद में आभूषण बेचकर प्राप्त धनराशि से परिवार का खर्च चलाती थीं। जांच में यह भी पता चला कि गिरफ्तार किरण देवी के खिलाफ पहले भी चोरी की प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है।