उपायुक्त कार्यालय पर ज्ञापन देने पहुंची समूह की महिलाएं।
बरदह। ठेकमा विकास खंड में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिला समूह की सदस्याओं ने दो महिलाओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। बीडीओ ने आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया है।
समूह की महिलाओं द्वारा उपायुक्त (स्वरोजगार) को भेजे गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि जिवली गांव निवासी एक महिला, जो बैंक सखी के रूप में कार्यरत हैं, ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए समूह की सदस्याओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और धन संबंधी अनियमितताएं कीं। विरोध करने पर अन्य महिलाओं को भड़काकर विवाद की स्थिति उत्पन्न कर दिया।
वहीं केदलीपुर निवासी दूसरी महिला पर समूहों में अनावश्यक हस्तक्षेप, रजिस्टर लेखन के नाम पर दबाव बनाने तथा आर्थिक लेन-देन में गड़बड़ी करने के आरोप लगे हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि वह मानसिक दबाव बनाकर अनुचित लाभ लेने का प्रयास करती हैं। 27 अप्रैल को ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित बैठक के दौरान दोनों महिलाओं ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। आरोप है कि उन्होंने मीडिया कर्मियों को बुलाकर अधिकारियों के खिलाफ झूठे आरोप लगाए, जिससे कार्यालय का वातावरण प्रभावित हुआ।
खंड विकास अधिकारी ठेकमा/मोहम्मदपुर ने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है। समूह की अन्य महिलाओं द्वारा भी आवेदन देकर उन्हें निर्दोष बताया गया है। किसी के चरित्र पर आरोप लगाना आसान होता है, लेकिन उसे साबित करना कठिन है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।