आजमगढ़। दीदारगंज पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो शातिर लूटेरों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पकड़े गए लुटेरों के पास से पुलिस ने लूट का माल समेत आठ मोबाइल, बाइक व तमंचा तथा कारतूस बरामद किया है।
दीदारगंज थाने की पुलिस वांछितों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक सवार दो शातिर लुटेरे सुधरपुर तिराहे से गुजरने वाले है। इस सूचना पर पुलिस टीम सुधरपुर तिराहे पर पहुंच गई। इसी दौरान एक बाइक सवार तीन बदमाश आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे बाइक मोड़ कर भागने का प्रयास किए। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी शुरू किया तो एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने खुद का बचाव करते हुए दो बदमाशों को तो पकड़ लिया जबकि एक भाग निकलने में सफल रहा। तलाशी लेने पर बदमाशों के पास से दो अदद तमंचा, कारतूस, आठ मोबाइल, एक बाइक बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्तों में आकाश कुमार यादव उर्फ जीवा यादव पुत्र इन्द्रजीत यादव व सुनील यादव उर्फ कल्लू पुत्र राजेन्द्र यादव निवासी ग्राम इटकोहिया थाना फूलपुर शामिल है। फरार अभियुक्त का नाम अमित यादव पुत्र सुरेश यादव निवासी इटकोहिया थाना कोतवाली फूलपुर बताया।