60 केंद्रों पर हुई बीएससी और बीकॉम की परीक्षा
- फोटो : अमर उजाला
बोर्ड परीक्षा में निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर नकल होता देखा गया। शनिवार को दूसरी पाली में इंटर रसायन विज्ञान की परीक्षा के दौरान सगड़ी तहसील क्षेत्र के एक कालेज में सामूहिक नकल मिलने पर केंद्र को काली सूची में डालने की संस्तुति की। प्रथम पाली में उर्दू की परीक्षा के दौरान दो छात्राओं को नकल करते हुए पकड़े जाने पर उन्हें रेस्टीकेट कर दिया गया। जबकि नकल करवा रहे दो कक्ष निरीक्षकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया गया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों की तरफ से की गई इस कार्रवाई से परीक्षार्थी और अध्यापकों में हड़कंप मचा है।
हाईस्कूल के उर्दू की परीक्षा शनिवार को पहली पानी में थी। परीक्षा अपने निर्धारित समय से शुरू हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक बीपी सिंह मुबारकपुर क्षेत्र के अंसार गर्ल्स कालेज पहुंचे। पाया कि कक्ष निरीक्षक खर्शीद आएशा संबंधित विषय की अध्यापक हैं। इनकी ड्यूटी लगाई गई है। इन्हें तत्काल कार्यमुक्त कर दिया गया। वहीं कक्ष निरीक्षक फरजाना खातून एक छात्रा की कापी लिखते हुए पकड़ी गईं। डीआईओएस ने छात्रा को रस्टीकेट कर दिया जबकि फरजाना के विरुद्ध केस दर्ज कराने का निर्देश दिया। एहयाउल उलूम हायर सेकेंड्र मुबारकपुर में चेकिंग के दौरान छात्रा नकल करते हुए पकड़ी गई।
उसको रेस्टीकेट कर दिया गया। मिल्लत गर्ल्स इंटर कालेज मुबारकपुर में स्वामी दयानंद सरस्वती इंटर कालेज सठियांव से वीरेंद्र प्रताप को कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी के लिए लगाया गया था। वीरेंद्र की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर डीआईओएस ने उन्हें कार्यमुक्त कर दिया। साथ ही वीरेंद्र के विरुद्ध केस दर्ज कराने का निर्देश दिया गया। दूसरी पाली में इंटर के छात्रों की रसायन विज्ञान की परीक्षा निर्धारित समय से शुरू हुई।
चेकिंग के दौरान डीआईओएस ने नवीन सरस्वती इंटर कालेज कोलघाट के एक और स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज शेखपुरा के दो कक्ष निरीक्षक संबंधित विषय के पाए जाने पर उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया। जबकि बाबा साधव राम इंटर कालेज कोइनहा बड़सरा खालसा के कक्ष निरीक्षक अंकित कुमार और मनीषा भारती को संबंधित विषय का पाए जाने पर इन दोनों को कार्यमुक्त कर दिया गया। वित्त एवं लेखाधिकारी राधेश्याम गुप्ता ने सगड़ी तहसील के खानपुर भगतपट्टी स्थित सर्वोदय इंटर कालेज का निरीक्षण किया। यहां सामूहिक नकल मिलने पर केंद्र को काली सूची में डालने की संस्तुति की।