संवाद न्यूज एजेंसी
आजमगढ़। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से परीक्षा वर्ष-2026 के लिए परीक्षकों की सूची तैयार की जा रही है। इस क्रम में विगत वर्षों में नकल के मामलों में दोषी पाए गए केंद्र व्यवस्थापकों एवं प्रधानाचार्यों को डिबार कर दिया गया है। परीक्षा समिति के निर्णय के अनुसार इनकी अवधि तीन वर्ष निर्धारित की गई है, इससे 2026 की परीक्षा में परीक्षक के रूप में नियुक्त नहीं किए जा सकेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दो संस्थाओं के केंद्र व्यवस्थापक/प्रधानाचार्यों का सूची में नाम शामिल है, जिन्हें परीक्षा वर्ष 2023 में अनुचित साधन प्रयोग के कारण डिबार किया गया। इसमें श्री कृष्ण गीता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, लालगंज के प्रधानाचार्य डा. प्रमोद कुमार सिंह और चिल्ड्रेन पब्लिक इंटर कॉलेज, देवगांव के प्रधानाचार्य का नाम शामिल है। डीआईओएस ने बताया कि यह कार्रवाई परीक्षा प्रक्रिया की पवित्रता बनाए रखने और नकल जैसी कुप्रथाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि डिबार सूची का सख्ती से पालन किया जाए। श्री गिरिधारी तिलकधारी इंटर कॉलेज बिलरियागंज के प्रिंसिपल श्रीकांत को आजीवन डीबार किया गया है। चंद्रभानु इंटर कॉलेज मुसरियापुर नैनीजोर की सहायक अध्यापक एवं कक्ष निरीक्षक रही सरिता वर्मा को डीबार किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि डीबार शिक्षकों की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी।