19 फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खुटौली गांव के पास सड़क हादसे में मृतक शशिकांत कुमार की फाइल फोट
मेजवां। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खुटौली गांव के पास सोमवार देर रात 10.30 बजे सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। पहचान बिरादर गांव निवासी शशिकांत (24) और प्रिंस (15) के रूप में हुई है। दोनों टेंट हाउस का काम करने के बाद शादी समारोह से घर लौट रहे थे।
जैसे ही वे मुख्य मार्ग पर खुटौली गांव के पास पहुंचे, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस के माध्यम से दोनों घायलों को फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान प्रिंस की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शशिकांत को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां रात में उसकी भी मौत हो गई। फूलपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गंगा राम बिंद ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों युवकों की मृत्यु हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में मातम छा गया।
19 फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खुटौली गांव के पास सड़क हादसे में मृतक शशिकांत कुमार की फाइल फोट