आजमगढ़। साइबर क्राइम पुलिस ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के नाम पर फर्जी एपीके फाइल भेजकर लोगों को ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को लखनऊ के बीबीडी से गिरफ्तार कर लिया। गिरोह ने बिंद्रा बाजार निवासी करन गुप्ता के खाते से 7.77 लाख रुपये की ठगी की थी। गिरफ्तार आरोपियों में देवरिया जनपद के बरडीहा लाला निवासी परवेज अंसारी व लखनऊ जनपद के तिवारीगंज उत्तरधौना गांव निवासी मोहम्मद कलीम हैं। वहीं, गिरोह का मुख्य सक्रिय सदस्य मो. समद की तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 26,500 रुपये नकद, तीन मोबाइल बरामद किए व उनके बैंक खातों में 17.50 लाख रुपये फ्रीज कराए हैं। जांच में गिरिडीह-लखनऊ कनेक्शन सामने आया है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी ने बताया कि 18 नवंबर 2025 को पीड़ित करन गुप्ता के व्हाट्सएप पर फर्जी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए एपीके का लिंक भेजा गया। जैसे ही उन्होंने इसे इंस्टॉल किया, ठगों ने उनके मोबाइल को हैक कर बैंक खाते से 7.77 लाख रुपये निकाल लिए। जांच में पता चला कि यही गिरोह उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी इसी तरह तीन और साइबर ठगी के मामले कर चुका है।
मुख्य आरोपी ठगी कराकर 10 फीसदी लेता था कमीशन
बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उनकी इंस्टाग्राम पर मो. समद से दोस्ती हुई थी, जिसने उन्हें साइबर ठगी के नेटवर्क में शामिल किया। मो. समद 10 प्रतिशत कमीशन पर इनसे बैंक खाते और एटीएम कार्ड मंगवाकर उन्हें झारखंड के गिरिडीह भिजवाता था। ठगी की रकम पहले इन्हीं खातों में आती थी, जिसके बाद आरोपी अपना हिस्सा निकालकर बाकी धनराशि गैंग के निर्देशानुसार आगे ट्रांसफर कर देता था।
ऐसे करते थे ठगी
- ठग उपयोगकर्ता को एक एपीके फाइल (एंड्रॉइड एप्लिकेशन पैकेज) डाउनलोड करने के लिए लिंक भेजे हैं।
- धोखेबाज अक्सर खुद को बैंक, सरकारी एजेंसी या किसी लोकप्रिय सेवा के प्रतिनिधि के रूप में प्रस्तुत करते हैं।
- जब उपयोगकर्ता इस फाइल को डाउनलोड और इंस्टॉल करता है, तो यह वास्तव में उपयोगकर्ता की जानकारी के बिना उनके डिवाइस पर एक खतरनाक मैलवेयर (जैसे ट्रोजन या स्पाइवेयर) इंस्टॉल कर देता है।
- यह मैलवेयर उपयोगकर्ता के संवेदनशील डेटा, जैसे बैंक लॉगिन क्रेडेंशियल, ओटीपी, संपर्क और अन्य व्यक्तिगत जानकारी चुरा लेता है, जिसका उपयोग बाद में खातों को हैक करने के लिए किया जाता है।
00
केस-1
208 बैंक खातों के माध्यम से 95 करोड़ से अधिक की ठगी :
मार्च 2025 में
जिले की साइबर पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का खुलासा करते हुए सात साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया था। यह आरोपी ऑनलाइन गेम क्रिकेट बुज के नाम से साइबर ठगी करते थे। आरोपियों के कब्जे से 15 लाख रुपये का सामान, 51 मोबाइल फोन, चार लैपटॉप, 42 एटीएम कार्ड, 13 बैंक पास बुक और 79 सिमकार्ड भी बरामद किया गया था। इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड अभी तक भागा हुआ है। जिसकी तलाश की जा रही है। इन आरोपियों ने वाराणसी में एक मकान किराए पर लिया गया था जहां से फर्जी कॉल सेंटर चलाया जा रहा था। आरोपियों के एक करोड़ की धनराशि को फ्रीज कराई गई थी।
ऑनलाइन प्रोडक्ट “बूस्ट” कराने के नाम पर 13 लाख की हुई थी ठगी : ऑनलाइन प्रोडक्ट की सेल व मार्केट वैल्यू बढ़ाने के नाम पर “बूस्टिंग” का झांसा देकर लगभग 13 लाख की साइबर ठगी करने वाले अन्तर्राज्यीय गिरोह का साइबर क्राइम थाना आजमगढ़ ने भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने इस मामले में चार शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में फर्जी बैंक पासबुक, एटीएम, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
साइबर सुरक्षा परामर्श
- केवल आधिकारिक एप स्टोर से ही एप डाउनलोड करें।
- किसी भी अनजान लिंक की एपीके फाइल इंस्टॉल न करें।
- व्हाट्सएप/सोशल मीडिया से आए एप लिंक कभी न खोलें।
- एप इंस्टॉल करते समय दी जाने वाली परमिशन की जांच अवश्य करें।
- संदिग्ध एप दिखे तो तुरंत हटाएं और मोबाइल को सेफ मोड में स्कैन करें।