गिरफ्तार आरोपी शकील अहमद। श्रोत-पुलिस
आजमगढ़। अस्तित्वहीन मदरसों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार करके सरकारी अनुदान हड़पने के मामलों में सरायमीर और बरदह पुलिस ने दो आरोपी निजामुद्दीन पट्टी निवासी शकील अहमद और कोदहरा गांव निवासी मो. मजीद को गिरफ्तार किया है।
दोनों मामलों की जांच राज्य विशेष अपराध अनुसंधान शाखा की रिपोर्ट के आधार पर की गई थी। सरायमीर थाना क्षेत्र के निजामुद्दीन पट्टी स्थित एमएलएवीएम कान्वेंट स्कूल (मदरसा आईडी-0191100687) के प्रबंधक शकील अहमद पर फर्जी एवं कूटरचित अभिलेख तैयार कर उन्हें वास्तविक दर्शाते हुए शासकीय अनुदान प्राप्त करने और गबन का प्रयास करने का आरोप है।
इस संबंध में ईओडब्ल्यू के जांच अधिकारी कुंवर ब्रम्ह प्रकाश सिंह की रिपोर्ट पर थाना सरायमीर में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। थाना प्रभारी भुवनेश कुमार चौबे ने बताया कि रविवार को पुलिस टीम ने दबिश देकर निजामुद्दीन पट्टी गांव निवासी आरोपी शकील अहमद को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, बरदह थाना क्षेत्र में मदरसा बिस्मिल्लाह मेमोरियल, कोदहरा के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग के मामले में पुलिस ने कोदहरा गांव निवासी आरोपी मो. मजीद को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि मदरसे के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर शासकीय अनुदान का गबन किया गया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को कोदहरा मोड़ से गिरफ्तार किया गया है।