सठियांव। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के शीशा ढ़ाबा के करीब गुरुवार की शाम पीछे से आ रही बोलेरो ने तीन साइकिल सवारों को धक्का मार दिया। इस घटना में दो साइकिल सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक घायल का उपचार एक प्राइवेट अस्पताल में जारी है।
मुबारपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी रामदरस 45 पुत्र मूंगफली, हवलदार 35 पुत्र संपत और रानीपुर गांव निवासी सुनील 22 पुत्र जोखू शहर में मजदूरी का कार्य करते थे। वह लोग रोज की भांति गुरुवार को भी साइकिल से मजदूरी करने के लिए शहर आए हुए थे। देर शाम काम को खत्म कर वह साइकिल से ही घर जा रहे थे। जैसे ही वह शीशा ढ़ाबा के करीब पहुंचे पीछे से तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो ने सबसे पहले रामदरस और हवलदार को टक्कर मारी। इसके बाद वह उसने आगे जा रहे सुनील को भी धक्का मारा और फरार हो गई। वहां मौजूद लोग तीनों को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने रामदरस और सुनील को मृत घोषित कर दिया। जबकि हवलदार का इलाज नगर के एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है।