कप्तानगंज। कंधरापुर थाना क्षेत्र के सेहदा गांव के पास शनिवार की रात करीब 11 बजे आमने-सामने हुई दो बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर है। घटना के समय एक बाइक पर सवार दो युवक जिला मुख्यालय की ओर आ रहे थे जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक मुख्यालय से लौट रहे थे।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के ईश्वरपुर गांव निवासी अंजेश गुप्ता (25) अपने ही गांव के मुकेश (24) के साथ सिधारी थाना क्षेत्र के बेलइसा गांव स्थित एक रिश्तेदार के घर शादी में आया था। जबकि मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बनकट गांव निवासी दुर्गविजय (25) अंबेडकर नगर जिले के अलीगंज गांव निवासी अपने रिश्तेदार विशाल मोदनवाल (23) के घर गया था। शनिवार की रात करीब ग्यारह बजे अंजेश अपने साथी मुकेश के साथ घर लौट रहा था। दोनों की बाइक सेहदा गांव के पास अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गई। इसमें चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें अंजेश और दुर्गविजय की मौके पर ही मौत हो गई। रास्ते से गुजरने वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुकेश और विशाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर बताई है। हादसे में मरने वाला अंजेश दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी अतरौलिया थाना क्षेत्र के कोइलसा बाजार में मोबाइल की दुकान थी। दुर्घटना में इन दो युवकों की मौत के खबर से परिवारीजनों में कोहराम मचा है। वहीं गांव का माहौल गमगीन है।
इनसेट
ट्रैक्टर से कुचल कर युवक की मौत
मऊ जिले के दोहरीघाट क्षेत्र के पतजीवां गांव का निवासी था मृत युवक
लाटघाट। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बरहपुर गांव के पास रविवार की सुबह मिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्राली से कुचलकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के पतजीवां गांव निवासी विमलेश यादव (34) पुत्र रामवृक्ष रविवार की सुबह किसी काम से जीयनपुर बाजार आया था। यहां से घर लौटते समय लाटघाट-रामगढ़ मार्ग पर स्थित बरहपुर गांव के पास सामने से मिट्टी लादकर आ रहे ट्रैक्टर ट्राली से उसकी बाइक में टक्कर लग गई। इससे वह ट्राली के पहिए के नीचे आकर घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। जब तक लोग उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करते उसने दम तोड़ दिया। कोतवाल जीयनपुर सत्यनारायण वर्मा ने बताया कि विमलेश के घर वालों को सूचना भेजवाकर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया है।