कधरापुर में पुलिस से हुई मुठभेड़ में घायल बदमाश। श्रोत-पुलिस
आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में दो अंतरजनपदीय बदमाश शिवम साहनी और राज निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के पैर में गोली लगी है जबकि एक साथी भाग निकला। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस, लूटी गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि 26 मार्च को भंवरनाथ मंदिर से लौट रही एक महिला के गले से बिजौरा कॉलोनी के पास बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली थी। कंधरापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। विवेचना के दौरान पता चला कि घटना में शामिल बदमाश अंतरजनपदीय गिरोह के सदस्य हैं। ये आजमगढ़, गाजीपुर व आसपास के जिलों में चोरी, लूट और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। रविवार की रात कंधरापुर पुलिस संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बदमाश मोटरसाइकिल से किशुनदासपुर से कम्हेनपुर की ओर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने चंद्रमा ऋषि आश्रम पुलिया के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद बाइक से आ रहे संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक फिसलकर गड्ढे में गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने झाड़ियों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर जवाबी कार्रवाई की गई। इसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम साहनी उर्फ अनुराग और राज निषाद निवासी राहुल नगर मड़या के रूप में हुई है। उनका साथी छोटू सिंह निवासी गाजीपुर भाग निकला है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 26 मार्च को भंवरनाथ क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छीनी थी। वे फिर से किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कधरापुर में पुलिस से हुई मुठभेड़ में घायल बदमाश। श्रोत-पुलिस