आजमगढ़। बरदह थाने की पुलिस ने सोमवार को दो चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक और बाइक के पार्ट्स बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी सचिन उर्फ चंदन जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के अमरामुफ्तीगंज गांव का निवासी है। बरदह थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पहली घटना 15 नवंबर 2024 को नरवें नहर पुलिया के पास हुई थी, जब लखंदर उर्फ जखंदर ने अपनी बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज की थी। इस मामले में थाना बरदह पर मुकदमा दर्ज किया गया था। दूसरी घटना नवंबर 2024 में कटघर लालगंज में हुई, जहां फैजुर्रहमान की बाइक चोरी हुई थी। इस मामले में थाना देवगांव पर मुकदमा दर्ज है।
सोमवार को सब-इंस्पेक्टर उमेश चंद यादव ने हदीस दयाल गांव के नहर पुलिया से आरोपी सचिन उर्फ चंदन को गिरफ्तार किया। आरोपी ने बताया कि उसने नरवें नहर के पास खड़ी बाइक चुराई थी, जिसके कई पार्ट्स वह कबाड़ी को बेच चुका है।
बचे हुए पार्ट्स, जैसे पेट्रोल टंकी और अगले पहिए का साकर, वह बेचने जा रहा था। उसने कटघर लालगंज से चुराई बाइक को बिना नंबर प्लेट के इस्तेमाल करने की बात कबूल की। पुलिस ने चोरी की बाइक और पहली बाइक के पार्ट्स बरामद किए है।