लाटघाट। रामानंद सरस्वती पुस्तकालय जोकहरा में शुक्रवार को दो दिवसीय युवा महोत्सव का रंगारंग आगाज हुआ। महोत्सव का शुभारंभ करते मुख्य अतिथि हरियाणा के पूर्व डीजीपी विकास नरायन राय ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के बारे समझने की जरूरत है, तभी महिला हिंसा पर रोक लगेगी। इसके पूर्व उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलित कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।
युवा महोत्सव में गोरखपुर, मऊ और बलिया जनपद के 35 महाविद्यालयों और आठ कालेजों की टीमें भाग ले रही हैं। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को भेदभाव और महिला हिंसा से जुड़े कानूनों के बारे में स्लोगन के माध्यम से जानकारी दी गई। महोत्सव में निबंध लेखन, पोस्टर और स्लोगन बनाना, लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, रंगोली, मेहदी, पेंटिंग के साथ ही विविध खेल प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
'सबल महिला सबल समाज' विषयक गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विकास नरायन राय ने कहा कि महिलाएं अपने अधिकार के बारे जाने इसी से महिला हिंसा रुकेगी। यह काम हमारे बच्चे ही कर सकते हैं क्योंकि आज की पीढ़ी ज्यादा जागरूक हो गई है। कहा कि आज समाज में जो महिलाओं पर हिंसा हो रही है, कहीं न कहीं इसके लिए महिलाएं ही जिम्मेदार हैं। महिलाएं पुरुषों का अत्याचार सहती हैं और उसका विरोध नहीं करती हैं। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि हिंसा का डटकर मुकाबला करें। संस्था की निदेशिका हिना देसाई ने कहा कि युवा महोत्सव के माध्यम से महिला मुद्दों को सुनिश्चित करने के लिए महिलाओं युवाओं को न्याय और अधिकारों के बारे में जागरूक करने का प्रयास आजमगढ़ पुलिस कर रही है। इस मौके पर हरिमंदिर पांडेय, अमित मिश्र, लीला शर्मा, शेषनाथ राय, शिवधर प्रसाद, दिनेश राय, विभा राय, चंद्रजीत यादव, रामजन्म यादव, संध्या राय आदि उपस्थित रहीं।