आजमगढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को कृषि संवर्गीय विभागों कृषि, उद्यान, पशुपालन, दुग्ध, मत्स्य, गन्ना एवं सहकारिता की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान डीएम ने फार्मर रजिस्ट्री तैयार कराने में लापरवाही पर कृषि विभाग के दो तकनीकी सहायकों सोनू कुमार यादव एवं विजय कुमार सिंह कुशवाहा को निलंबित करने का निर्देश उप कृषि निदेशक को दिया। साथ ही दो संविदा कर्मियों सुभाषचंद्र यादव एवं सौरभ कुमार दुबे की सेवा समाप्त करने के लिए सेवा प्रदाता संस्था को पत्र भेजने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इस कार्य को पूर्ण गंभीरता से करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपनी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर प्राप्त करने के सख्त निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने इसके व्यापक प्रचार-प्रसार और किसानों को बीमा के लाभों की जानकारी देने पर बल दिया। जिलाधिकारी ने पात्र किसानों को प्रीमियम की धनराशि शीघ्र उपलब्ध कराने और किसी भी किसान से अनुचित कटौती न करने का निर्देश दिया। जिला उद्यान अधिकारी को निर्देशित किया गया कि पीएम सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना के तहत बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए। इस मौके पर उपकृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, एलडीएम, जिला उद्यान अधिकारी, मत्स्य अधिकारी, दुग्ध विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।