कप्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए अंतरजनपदीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों बंद मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
इनके कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 7,500 रुपये नकद, दो तमंचे, कारतूस, मोबाइल, एलसीडी टीवी और चोरी में इस्तेमाल किया जाने वाला ऑटो रिक्शा बरामद हुआ है। पुलिस ने कप्तानगंज, कंधरापुर और जीयनपुर थाना क्षेत्रों में चोरी की छह घटनाओं का खुलासा किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में शहर कोतवाली क्षेत्र के हिरापट्टी (ब्रह्मस्थान) निवासी दिनेश उर्फ लकी उर्फ बुढ़वा और कोइराना (ब्रह्मस्थान) निवासी दीपक उर्फ देवदत्त गौड़ शामिल हैं। दोनों के खिलाफ आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हैं।
क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर विजय कुमार सिंह गौर ने बताया कि रविवार रात कप्तानगंज थाने की टीम गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ऑटो से बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले दो आरोपी कोयलसा-देवरपुर मार्ग से आने वाले हैं।
पुलिस ने जफरामऊ स्थित रानीपुर तिराहे के पास संदिग्ध ऑटो को रोकने का प्रयास किया, तो उसमें सवार दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के बाएं पैर में गोली लगी।
पुलिस ने रविवार की देर रात करीब 1:10 बजे दोनों को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोयलसा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों ऑटो रिक्शा से अलग-अलग क्षेत्रों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। रात में मौका देखकर ताला तोड़कर चोरी करते थे। पकड़े जाने या विरोध होने की स्थिति में लोगों को डराने के लिए अपने पास असलहे रखते थे। चोरी के आभूषण दूर-दराज के फेरी लगाने वाले लोगों को बेचने की बात भी आरोपियों ने बताई है।
आरोपियों ने कप्तानगंज के फिरतूपुर, कंधरापुर के करेन्हुआ और आदिपुर भनवथ तथा जीयनपुर के आखीपुर, बलुआ और परनकुंडा कैता में चोरी की घटनाओं में संलिप्तता बताई है। इन घटनाओं में चोरी हुए आभूषणों की पीड़ितों से पहचान कराए जाने की जानकारी भी पुलिस ने दी है। अन्य घटनाओं और बरामद सामान के संबंध में जांच जारी है।
बरामद आभूषणों की कीमत करीब छह लाख रुपये है। सीओ के अनुसार, दिनेश उर्फ लकी के खिलाफ चोरी, लूट के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 19 मामले दर्ज हैं। वहीं, दीपक उर्फ देवदत्त गौड़ के खिलाफ चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में 13 मामले दर्ज हैं।
कप्तानगंज में पुलिस मुठभेड़ में पुलिस की गोली से घायल दोनों आरोपी। स्रोत - पुलिस- फोटो : Archive