फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Azamgarh News: 2300 ग्राम पंचायतों ने ओएसआर खाते में नहीं जमा किए 31.72 लाख रुपये

विज्ञापन
विज्ञापन
आजमगढ़ मंडल की 2300 ग्राम पंचायतों ने कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) से होने वाली आय के 31.72 लाख रुपये अब तक ओएसआर (स्वयं के स्रोत से प्राप्त राजस्व) मद में जमा नहीं किए हैं।
विज्ञापन

मंडल की 3396 ग्राम पंचायतों में से 2300 पंचायत भवनों को सीएससी के रूप में विकसित कर वहां विभिन्न ऑनलाइन सेवाएं दी जा रही हैं। इसके बावजूद इन सेवाओं से होने वाली आय निर्धारित मद में जमा नहीं की जा रही है।
उप निदेशक पंचायत अभय कुमार शाही की समीक्षा में यह मामला सामने आया। इसके बाद उन्होंने सभी ब्लाकों के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को आय की धनराशि ओएसआर मद में जमा कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में धनराशि जमा नहीं करने वाली ग्राम पंचायतों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

सीएससी के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके संचालन से ग्राम पंचायतों को आय प्राप्त होती है। इस धनराशि को पंचायत के ओएसआर खाते में जमा कराना जरूरी है, ताकि इसका लेखा-जोखा रखा जा सके और पंचायत के विकास कार्यों में इसका उपयोग हो सके।
मंडल में बड़ी संख्या में ग्राम पंचायतों द्वारा धनराशि जमा नहीं किए जाने पर पंचायत विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। डीडी पंचायत ने संबंधित अधिकारियों को ग्राम पंचायतवार आय और जमा धनराशि की समीक्षा करने तथा बकाया रकम जमा कराने के निर्देश दिए हैं।
अब संबंधित ब्लाकों के अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि वे पंचायतों से समन्वय स्थापित कर बकाया धनराशि जमा कराएं और इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

जिला - कुल ग्राम पंचायत - सीएससी सर्विस वाली ग्राम पंचायत - अवशेष धनराशि
1- आजमगढ़ - 1811 - 1232 - 15,31,045.74
2- बलिया - 940 - 568 - 12,44,923.55
3- मऊ - 645 - 500 - 396837

मऊ के परदहा ब्लॉक में एक भी रुपया अवशेष नहीं
आजमगढ़ मंडल के सभी विकास खंडों में सीएससी की सर्विस देने वाली ग्राम पंचायतों ने ओएसआर मद में धनराशि जमा नहीं की। वहीं, मऊ जिले का एकमात्र विकास खंड परदहा ऐसा है, जहां कुल 34 में से सर्विस देने वाली 23 ग्राम पंचायतों ने सीएससी से होने वाली आय की धनराशि ओएसआर खाते में जमा कर दी है।

आजमगढ़ में सबसे अधिक बकाया
आजमगढ़ जिले की कुल 1811 ग्राम पंचायतों में से 1232 ग्राम पंचायतों में सीएससी की सर्विस शुरू हो गई है। इस सर्विस से होने वाली आय ओएसआर खाते में जमा नहीं की जा रही है। जिले में अभी तक कुल 15,31,045.74 रुपये ओएसआर खाते में जमा नहीं किए गए हैं। इसको लेकर अब पंचायती राज विभाग ने ग्राम पंचायतों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
वर्जन
सीएससी सर्विस देने वाली ग्राम पंचायतें ओएसआर खाते में अवशेष धनराशि जमा नहीं कर रही हैं। यह घोर लापरवाही का द्योतक है। सभी एडीओ पंचायतों को निर्देश दिए गए हैं कि वे यथाशीघ्र धनराशि ओएसआर खाते में जमा कराना सुनिश्चित करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। -अभय कुमार शाही, डीडी पंचायत।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें