आजमगढ़। अब जनपद के महराजगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ही ऐसे एमडीआर टीबी के मरीज जिनपर दवा काम नहीं करती की भी जांच हो सकेगी। अभी तक मरीज के बलगम को सैम्पल की जांच के लिए जिला क्षय रोग अस्पताल लाना होता था। पीएचसी में ही ट्रूनॉट मशीन लग जाने से अब यह सुविधा आसान हो गई है ।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. परवेज अख्तर ने बताया कि महराजगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ट्रूनाट मशीन स्थापित होकर कार्य करने लगी है। इससे एमटीबी तथा एमडीआर टीबी दोनों ही तरह की टीबी की यहीं पर जांच हो सकेगी। अभी तक यहां पर माइक्रोस्कोपी से केवल एमटीबी या सामान्य टीबी की ही जांच होती थी। ट्रूनाट मशीन लग जाने से एमडीआर टीबी की भी जांच हो सकेगी। जिला कार्यक्रम समन्वयक पीयूष अग्रवाल ने बताया कि लैब टेक्नीशियन तथा सीनियर टीबी लैब सुपरवाइजर की ट्रेनिंग हो चुकी है। जांच शुरू हो गई। अब तक कुल आठ टीबी के मरीजों की जांचें हुई हैं। इसमें दो लोग एमटीबी पॉजिटिव पाए गए, जबकि एमडीआर टीबी का कोई रोगी नहीं मिला।