आजमगढ़। जनगणना-2027 के लिए लालगंज और निजामाबाद तहसीलों में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रथम बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण रविवार को संपन्न हुआ। इसमें जनगणना प्रक्रिया, प्रश्नावली भरने, डिजिटल माध्यम से आंकड़े जुटाने और उनकी शुद्धता सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनरों ने प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया। जिले में 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया चलेगी। इस दौरान लोग आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार और आवास का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना के बाद प्राप्त आईडी सुरक्षित रखनी होगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित 40 प्रश्नों के जरिए परिवारों और उनके सदस्यों की जानकारी जुटाएंगे। प्रशासन ने लोगों से सही और पूर्ण जानकारी देकर जनगणना में सहयोग करने की अपील की है। संवाद