खाद्यान्न लदी ट्रैक्टर-ट्राली पलटी, दब कर बाइक सवार की मौत
-- मेंहनगर थाना क्षेत्र के अमारीचट्टी के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहनगर। थाना क्षेत्र के मेंहनगर वाया कम्हरिया मार्ग पर अमारी चट्टी के पास खाद्यान्न लदी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान बगल से गुजर रहा बाइक सवार उसके नीचे आ गया। दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मेंहनगर कम्हरिया मार्ग पर अमारी चट्टी के पास शुक्रवार को दोपहर ढाई बजे एक ट्रैक्टर ट्राली खाद्यान्न लेकर जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार हरेंद्र सिंह (25) पुत्र बृजबिहारी सिंह निवासी फिरोजपुर थाना तरवां बगल से गुजर रहा था। ट्रैक्टर-ट्राली से आगे निकलने के दौरान अचानक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। उसे बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्राली भी अनियंत्रित होकर पलट गइ और हरेंद्र उसके नीचे दब गया। स्थानीय लोगों द्वारा अथक प्रयास कर जब तक हरेंद्र को बाहर निकाला गया उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाइयों व एक बहन में सबसे बड़ा था। हरेंद्र चौरी बेलहा महाविद्यालय में संविदा पर शिक्षण का कार्य करता था। वहीं घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके पर ही वाहन छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन अपने कब्जे में ले लिया है।