थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर तिराहे के पास रविवार की सुबह अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से जहां बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। वहीं इसी थाने के खुदादादपुर गांव के पास बोलेरो से कुचलकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी तरफ, युवक की मौत के बाद गांव के लोग मौके पर शव रखकर सड़क जाम कर दिए और दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे। एसओ के आश्वासन पर एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
सिधारी थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी रामाश्रय (50) पुत्र सतीराम शनिवार की शाम निजामाबाद थाने के हुसेनपुर गांव स्थित रिश्तेदार के घर गए थे। रविवार की सुबह वह वहां से अपने घर लौट रहे थे। मुकुंदपुर तिराहे पर अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
निजामाबाद थाने के शिवरामपुर गांव निवासी राजन यादव (22) पुत्र सुरेंद्र रविवार की दोपहर अपने पड़ोसी हनुमान शर्मा (50) पुत्र सिकंदर और उसकी पुत्री बिट्टू (20) को अपनी बाइक पर बैठाकर सरायमीर बाजार में दवा दिलाने जा रहा था। खुदादादपुर गांव के पास पहुंचा बाइक बोलेरो की चपेट में आ गई। इसमें राजन सहित तीनों घायल हो गए। अस्पताल ले जाने से पहले ही मौके पर राजन की मौत हो गई। जबकि हनुमान और उसकी पुत्री को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने पिता की हालत गंभीर बताई है। मृत राजन चार भाइयों में बड़ा था।